रूदौली-अयोध्या। विधान सभा चुनाव के लिये हुए मतदान के एक सप्ताह बीत गये हैं लेकिन अभी भी होटलों,पान की गुमटियों और चौराहों पर चुनावी चर्चाओं में कमी नही है।सभी दलों के कार्यकर्ता अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।बसपा के कार्यकर्ता तो सबसे ज्यादा उत्साहित नजर आ रहे हैं।जब बसपा कार्यकर्ताओं से विधान सभा चुनाव के बारे में पूछो तो वे लोग एक सांस में पचास से भी ज्यादा जीतने वाली पोलिंगों के नाम गिना डालते हैं।
बसपा कार्यकर्ता नूरूल्लाह उर्फ राजू ने बताया कि इस बार विधान सभा चुनाव में बसपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है।तो वहीं अलाउद्दीन खान का कहना है कि बसपा प्रत्याशी अब्बास अली जैदी रुश्दी मियां को समाज के हर वर्ग का समर्थन मिला है।शमीम खाँ का कहना है कि बसपा प्रत्याशी को हराने के लिये भाजपा ने बड़े बड़े नेताओं को हेलीकाप्टर से उतार दिये थे उसके बाद भी बसपा प्रत्याशी रुश्दी मियां ने सबके छक्के छुड़ा दिये।हाजी शकील का कहना है कि रुश्दी मियां को हराने के लिये पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रुश्दी मियां के घर के पीछे चुनावी सभा की तो वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रुश्दी मियां के गांव नरौली में सभा करना पड़ा।उसके बाद भी बसपा प्रत्याशी रुश्दी मियां पर कोई प्रभाव नही पड़ा और उन्होंने शानदार चुनाव लड़ कर सबको हैरत में डाल दिया।
दूसरी तरफ भाजपा के कार्यकर्ता भी अपने प्रत्याशी को जीता हुआ मान रहें।पूर्व प्रधान राम प्रेस यादव का कहना था कि इस बार राम चन्द्र यादव रूदौली में हैट्रिक मार कर इतिहास रचेंगे।संजय जायसवाल का कहना था कि इस बार राम चन्द्र यादव की जीत तो निश्चित है ही लेकिन जीत का अंतर पिछली बार से भी ज्यादा रहेगा।भानू यादव का कहना है कि राम चन्द्र यादव ने पांच साल में क्षेत्र में जितना विकास किया है आज तक किसी भी विधायक ने इतना विकास नही किया।इसका भी उनको लाभ मिला है और इसके अलावा प्रधान मंत्री तथा मुख्यमंत्री द्वारा जनता के हित मे लागू की गई कल्याण कारी योजनाओं का भी भाजपा प्रत्याशी को लाभ मिला है।
सपा प्रत्याशी आनन्द सेन यादव की जीत का भी दावा सपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है।सपा के जिला सचिव मो0 रईस खाँ आनन्द सेन यादव की जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त हैं।उनका मानना है कि सपा का पारम्परिक वोट बैंक यादव और मुस्लिम ने जम कर सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है।इसके अलावा अन्य वर्ग के लोगों ने भी सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है।इसी तरह सपा कार्यकर्ता खालिद खाँ ने बताया कि क्षेत्र का किसान नौजवान तथा महिलाओं ने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिये मतदान किया है।क्षेत्र में कुछ लोग ऐसे भी हैं उनका मानना है कि एआईएमआईएम के प्रत्याशी किसी का समीकरण बिगाड़ सकते हैं।बहर हाल हार जीत का तो फैसला दस मार्च को ही होगा लेकिन किसी भी दल के कार्यकर्ता अपने प्रत्याशी को हारा नहीं मान रहे हैं।सब अपनी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

