
मेरठ में रविवार को लिसाड़ी रोड पर हुई खौफनाक घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। दिनदहाड़े चाचाओं ने अपने सगे भतीजे को सड़क पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। वहीं, घटना के वक्त मौजूद लोग केवल तमाशबीन बने रहे। कोई वारदात को मोबाइल में कैद करता रहा तो कोई कुछ देर तमाशा देख निकल लिया लेकिन किसी ने भी मूकदर्शकों की भीड़ से निकलकर चाचाओं से जिंदगी की भीख मांग रहे साजिद को बचाने का प्रयास नहीं किया।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी चाचा फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस जांच पड़ताल में 250 गज जमीन के टुकड़े के लिए साजिद की हत्या करने की बात सामने आई है। साजिद को शायद ही इस बात का अंदाजा हो कि जिन चाचाओं ने साजिद को बचपन में गोद में खिलाया वहीं चाचा मामूली विवाद में उसकी रमजान के दौरान ही जान ले लेंगे।
मेरठ के लिसाड़ी रोड तारापुरी में अंजुम पैलेस के पास रविवार की दोपहर करीब दो बजे साजिद (21) पुत्र यूनुस को उसके तीन सगे चाचाओं ने चाकू से गोदकर मार डाला। आरोपी बीच सड़क साजिद पर ताबड़तोड़ वार करते रहे पर कोई बचाने नहीं आया। काफी देर तक वह सड़क पर ही तड़पता रहा। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।

