
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में बीएससी तृतीय वर्ष का गणित और जंतु विज्ञान का प्रश्नपत्र बुधवार को परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले आउट हो गया। आगरा कॉलेज के बाहर झुंड में खड़े होकर परीक्षार्थी प्रश्नों को हल कर रहे थे। मोबाइल पर पेपर आया था। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने 10.45 बजे परीक्षार्थियों को पकड़ लिया। जबकि परीक्षा 11:30 बजे शुरू होनी थी।
परीक्षार्थियों के फोन में पेपर मिले हैं। इस मामले में करीब 10 युवक पकड़े गए हैं। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए। आरोपियों से पूछताछ की। उधर, पेपर आउट होने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने दूसरी पाली की परीक्षा निरस्त कर दी है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया जा रहा है।
कॉलेज के बाहर खड़े थे परीक्षार्थी
आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुराग शुक्ल ने बताया कि पेपर आउट होने का मामला प्रकाश में आया है। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने कॉलेज के बाहर सड़क पर खड़े परीक्षार्थियों के मोबाइल जब्त किए हैं। जांच में परीक्षार्थियों के मोबाइल पर बीएससी तृतीय वर्ष का गणित और जंतु विज्ञान के प्रश्नपत्र मिले हैं। उन्होंने बताया कि कुछ छात्रों द्वारा यह जानकारी दी गई थी कि कुछ अराजकतत्व कहीं से पेपर पाते हैं और ब्लैक में बेचते हैं। इसके बाद सतर्कता बरती गई। प्राचार्य ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

