जौनपुर – अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अमृत सप्ताह के अन्तर्गत धार्मिक, पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित हो रहे योग प्रशिक्षण शिविर के पंचम दिवस पर चौकियां धाम स्थित पोखरें की सीढ़ियों पर साधकों के द्वारा योगाभ्यास को किया गया।
दीप प्रज्ज्वलित करके योगाभ्यास का औपचारिक शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी द्वारा बताया गया की नियमित और निरन्तर योग के क्रियात्मक और सैद्धांतिक अभ्यासों से साध्य और असाध्य बिमारियों से मुक्ति मिलती है इसलिए हर अवस्था के लोगों के द्वारा अपनी अपनी शक्ति और सामर्थ्य के अनुसार योगाभ्यास को अपनी जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाना चाहिए।
योग के क्रियात्मक और सैद्धांतिक पक्षों का अभ्यास पतंजलि योग समिति के सह राज्य प्रभारी अचल हरीमूर्ति, शशिभूषण, कुलदीप और विकास योगी के द्वारा दिया जा रहा है। हरीमूर्ति के द्वारा सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराते हुए बताया गया की यह अनेकों आसनों का समूह है जिसके अभ्यासों से शरीर के हर तंत्र पर बहुत ही सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और जिसके परिणामस्वरूप रक्त और प्राणवायु का संचार बहुत ही सुगमतापूर्वक होनें लगता है।
उन्होंने बताया कि रोगानुसार और अवस्थानुसार अनेकों प्रकार के सरल और सूक्ष्म व्यायामों के साथ आसन, ध्यान और प्राणायामों का अभ्यास कराते हुए मोटापा और मधुमेह जैसी समस्याओं से समाधान हेतु अग्निसार और नौलिक्रिया का अभ्यास भी साधकों को कराया गया।
इसी क्रम मे उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय जौनपुर भवन परिसर में योग प्रशिक्षक अरविंद कुमार यादव एवं योग सहायक डॉ मयंक विक्रम सिंह के द्वारा आज पांचवें दिन योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कॉमन योगा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए समस्त छात्र छात्राओं सहित चिकित्सक शिक्षक और अन्य कर्मचारीगणों ने प्रतिभाग किया। शिविर में लगभग 150 व्यक्ति उपस्थित हुए। शिविर में चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो0 डॉ. शिव कुमार जी, सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ0 जाफरी, कार्डियो स्पेशलिस्ट डॉ. प्रताप जी, फिजियोलॉजी विभाग से डॉ. बिट्टू जी के अलावा अन्य चिकित्सक शिक्षक भी उपस्थित हुए।

