
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने अग्निपथ योजना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर जिन्हें नाम दिया है, उनका जीवन और भविष्य पूरी तरह बर्बाद करने का सरकार ने इंतजाम किया है। इनको न कोई रैंक और न कोई पेंशन दी जाएगी। चार साल के लिए अपनी जान देने के लिए कौन तैयार होगा ? रामगोपाल यादव सोमवार को मैनपुरी के करहल कस्बे में शादी समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा जब आर्मी रेगुलर नहीं होगी, तब सीमा पर यही लोग लगेंगे। फिर चार साल के लिए अपनी जान देने को कौन तैयार होगा। जिनकी ट्रेनिंग चल रही थी उन पर भी ये व्यवस्था लागू कर दी है, जिससे उन युवाओं में भी आक्रोश है। हम नहीं चाहते हैं कि किसी भी प्रकार की हिंसा हो, लेकिन शांति पूर्ण तरीके से किए जाने वाला प्रदर्शन पूरी तरीके से समझने लायक है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव मैनपुरी के करहल में सपा कार्यकर्ता रवि यादव बीडीसी की बहन के वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने आए थे।
नुपुर शर्मा के बयान को बताया मूर्खतापूर्ण
वहीं नुपुर शर्मा के बयान को उन्होंने मूर्खतापूर्ण बताते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि बीजेपी की विभाजनकारी नीति है। क्या यह उचित था कि बीजेपी की महिला प्रवक्ता इतना मूर्खतापूर्ण बयान दें, जब बयान दिया है तो इसका दुष्परिणाम भी होगा ही। उन्होंने कहा कि नुपुर शर्मा पर सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए थी।
‘…तो क्या कानून व्यवस्था बचेगी’
कानून व्यवस्था पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था तोड़ने का काम जब रोज स्वयं मुख्यमंत्री कर रहे हों तो क्या कानून व्यवस्था बचेगी। इस मौके पर पूर्व एमएलसी अरविंद प्रताप यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बिल्लू यादव, रवि यादव बीडीसी, लालू यादव , भारत सिह यादव, प्रधान प्रदीप पाल, प्रिंस यादव, मनीष शर्मा, हिमांशु यादव, उमेश यादव, शैलेन्द्र यादव पिंटू यादव, रामनरेश यादव, सुशील शर्मा, सौरभ यादव, आशु यादव, बंटू यादव समेत तमाम लोग मौजूद रहे ।

