न्यूयॉर्क प्राइमरी चुनाव में नाडलर ने दर्ज की जीत, ट्रंप के खिलाफ महाभियोग का कर चुके हैं नेतृत्व

अमेरिका के न्यूयॉर्क में डेमोक्रेटिक पार्टी के प्राइमरी चुनाव में जेरी नाडलर ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कैरोलिन मैलोनी को मात दी। नाडलर पहली बार 1992 में कांग्रेस के लिए चुने गए थे। ‘हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी’ के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग का नेतृत्व किया था। वह ट्रंप के खिलाफ दो बार महाभियोग चलाने की कवायद का नेतृतव कर चुके हैं।

नाडलर की जीत के साथ ही कांग्रेस में मैलोनी का 30 साल का सफर समाप्त हुआ। उन्होंने वकील एवं न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय के व्याख्याता सूरज पटेल (38) को भी मात दी। पटेल की डेमोक्रेटिक कांग्रेस के प्राइमरी चुनाव में यह लगातार तीसरी हार है।

इससे पहले अदालत ने इन दोनों अमेरिकी प्रतिनिधियों को न्यूयॉर्क से चुनाव लड़ने का निर्देश दिया था। चुनावी जिलों की सीमाओं में बदलाव की प्रक्रिया में मैनहट्टन के पश्चिम में नाडलर (75) के गढ़ को पूर्व में मैलोनी (76) के क्षेत्र से जोड़ दिया गया था, जिसके बाद दोनों कहीं और से चुनाव लड़ने को तैयार नहीं थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *