ईरान में हिजाब विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा, बल्कि यह बढ़ता जा रहा है। मॉरल पुलिस द्वारा हिरासत में ली गई महसा अमीनी की मौत के बाद से शुरू हुआ आंदोलन उग्र रूप ले चुका है। अब एक वीडियो सामने आया है, जिसमें हिजाब विरोधी आंदोलन के दौरान हिंसा में मारे गए एक ईरानी व्यक्ति की बहन अपने भाई की कब्र पर बाल काटकर चढ़ाती नजर आ रही है।
ईरान में हिजाब विरोधी प्रदर्शनों में 41 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। अब तक 700 से ज्यादा गिरफ्तार किए गए हैं। इस बीच, हिंसा में मारे गए ईरानी नागरिक जवाद हैदरी को दफनाए जाने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें हैदरी की बहन भाई की कब्र पर अपने सिर के बाल काट कर ईरान सरकार की हिजाब नीति का विरोध करती नजर आ रही है।
वीडियो में हैदरी की मौत से दुखी महिलाएं उसकी कब्र पर फूल चढ़ाती दिख रही हैं। वहीं, हैदरी की बहन फूलों से ढकी कब्र के ऊपर विलाप करती हुई अपने बालों को चढ़ाती है, उसके पीछे शोकाकुल महिलाएं खड़ी हैं। इस वीडियो को लेकर ईरानी पत्रकार और कार्यकर्ता मसीह अलीनेजाद ने कहा कि अपने बाल काटकर ईरानी महिलाएं दुख और आक्रोश प्रकट कर रही हैं।

