संयुक्त राष्ट्र: चल रही थी यूक्रेन संकट पर चर्चा, पाकिस्तान ने उठा दिया कश्मीर का मुद्दा, भारत ने जमकर लताड़ा

संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान की नापाक हरकत एक बार फिर से सामने आई है और इसके लिए भारत ने एक बार फिर से लताड़ लगा दी है। दरअसल, महासभा में यूक्रेन और रूस युद्ध के मुद्दे पर बहस चल रही थी और पाकिस्तानी राजनयिक मुनीर अकरम लगातार कश्मीर की स्थिति से रूस-यूक्रेन युद्ध की तुलना कर रहे थे। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने जमकर लताड़ लगा दी।  रुचिरा कंबोज ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में यूक्रेन और रूस युद्द जैसे गंभीर मुद्दे पर बहस हो रही है लेकिन हमें आश्चर्य हो रहा है कि फिर एक प्रतिनिधिमंडल के द्वारा इस मंच का दुरुपयोग किया जा रहा है। मेरे देश के खिलाफ तुच्छ और व्यर्थ टिप्पणी  की जा रही है।

पाकिस्तान सामूहिक अवमानना का पात्र: रुचिरा कंबोज
कंबोज ने कहा कि बार-बार झूठ बोलने वाली मानसिकता धारण करने वाले देश हमेशा सहानुभूति लेने की कोशिश करते हैं लेकिन इससे कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि  इस तरह के बयान के बाद पाकिस्तान सामूहिक अवमानना का पात्र है। जम्मू और कश्मीर का पूरा क्षेत्र हमेशा भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा रहेगा, चाहे पाकिस्तान का प्रतिनिधि चाहे या चाहे जो भी माने। हम पाकिस्तान से आतंकवाद को रोकने के लिए कहते हैं ताकि हमारे नागरिक अपने जीवन और स्वतंत्रता के अधिकार का आनंद ले सकें।

संयुक्त राष्ट्र महासभा में यूक्रेन-रूस युद्ध को लेकर वोटिंग
बता दें कि इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने बुधवार को चार यूक्रेनी क्षेत्रों के रूसी कब्जे की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। इस प्रस्ताव के पक्ष में 143 सदस्यों ने मतदान किया जबकि पांच ने विरोध में वोट दिया। वहीं, भारत सहित 35 देशों ने मतदान में भाग लेने से परहेज किया। यह प्रस्ताव रूस द्वारा सुरक्षा परिषद में इसी तरह के एक प्रस्ताव को वीटो करने के कुछ दिनों बाद आया है, उस प्रस्ताव से भी भारत ने परहेज किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *