चरम पर पहुंचा द. कोरिया और उ. कोरिया के बीच में तनाव, समुद्री सीमा पर जमकर गोलीबारी

उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच का तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को दोनों देशों ने विवादित पश्चिमी समुद्री सीमा पर एक-दूसरे को चेतावनी देते हुए जमकर गोलीबारी की। यह गोलीबारी ऐसे समय में हुई है जब उत्तर कोरिया के हाल में हथियारों के परीक्षण को लेकर तनाव बढ़ गया है।

दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने दी प्रतिक्रिया
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने एक बयान में कहा कि उसकी नौसेना ने उत्तर कोरिया के एक व्यापारी जहाज को रोकने के लिए चेतावनी स्वरूप गोलियां चलाई। उन्होंने दावा किया कि उत्तर कोरियाई जहाज ने सोमवार तड़के उसकी समुद्री सीमा का उल्लंघन किया। उत्तर कोरियाई सेना ने कहा कि उसने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए 10 गोले दागे। उसने दक्षिण कोरियाई नौसेना के जहाज पर एक अज्ञात जहाज पर कार्रवाई करने की आड़ में उसके समुद्री क्षेत्र में घुसपैठ करने का आरोप लगाया।

दोनों कोरियाई सेनाओं के बीच झड़पों की कोई खबर नहीं है। गौरतलब है कि कोरियाई प्रायद्वीप पर खराब तरीके से चिह्नित समुद्री सीमा भी दोनों देशों के बीच लंबे समय से जारी शत्रुता का एक स्रोत हैं। इसके कारण कोरियाई देशों की नौसेनाओं के बीच कई बार हिंसक संघर्ष हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *