जौनपुर ब्यूरो विश्वप्रकाश श्रीवास्तव: क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकलां पर सोमवार को बीसीपीएम पर आशा कार्यकर्ताओं को निःशुल्क मोबाइल वितरण के बदले वसूली करने की बात पर हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि सभी से तीन-तीन सौ रुपए की वसूली की गई। अस्पताल पर सोमवार को बीसीपीएम सुरेश कुमार द्वारा आशा कार्यकर्ताओं की मीटिंग बुलाई गई थी। आरोप है कि इस दौरान बीसीपीएम निःशुल्क मोबाइल के बदले हर कार्यकर्ता से तीन सौ रुपए बतौर सुविधा शुल्क वसूल कर रहे थे। कुछ कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया तो हंगामा खड़ा हो गया। इस बीच लेनदेन के आरोप का वीडियो किसी ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपित से जब इस बारे में बात की गई तो वह इस तरह की किसी भी बात से मुकर गया। आरोप के बारे में जब प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. एस पी यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। मैंने बीसीपीएम को मीटिंग में मोबाइल वितरण से मना किया था। बहरहाल मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। वहीं आशाओं में यह चर्चा है कि 300 रु0 वसूली में डॉ0 से लेकर बीसीपीएम तक शामिल हैं।

