जौनपुर – माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश दिनेश प्रताप सिंह द्वारा प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर, सिकरारा में जन चौपाल का आयोजन करते हुए शासन की मंशा अनुरूप आम जनमानस की समस्याओं को सुना और शासन/प्रशासन द्वारा आम जनमानस के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में ग्रामवासियों को (मनरेगा, पेंशन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड आदि) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से समाज के सभी वर्ग के लिए प्रमुख योजनाएं शुरू की गई है जिसका लाभ पात्र लाभार्थियों को प्राप्त हो रहा है।
मा० राज्यमंत्री जी द्वारा चौपाल में उपस्थित समस्त अधिकारीगण को निर्देशित किया कि अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को अवश्य उपलब्ध कराएं और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करें।
इस अवसर पर माननीय मंत्री जी द्वारा प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर में उपस्थित बच्चों से मुलाकात करते हुए कक्षा 1 के छात्र से माननीय मुख्यमंत्री जी का नाम सहित अन्य प्रश्न पूछा गया और डिस्कवरी लैब में कक्षा 4 और 5 के बच्चों से विज्ञान सहित अन्य विषयों के महत्पूर्ण प्रश्न पूछे जिसका बच्चो ने सकारात्मक जवाब दिया जिस पर मा० मंत्री जी ने बच्चों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस दौरान माननीय राज्यमंत्री जी द्वारा प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर में लगाए गए स्टाल का अवलोकन किया और सरोज, प्रीति, नगीना यादव की गोदभराई की और बच्चो (अनिरुद्ध मिश्रा और मानसी) का अन्नप्राशन कराते हुए आशीर्वाद दिया। इस दौरान मा० मंत्री जी द्वारा आंगनबाड़ी द्वारा बनाए गए भोज्य पदार्थों को चखा और प्रभारी सी०डी०पी०ओ० नाहिद खान सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्री की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी साई तेजा सीलम ने कहा कि आगनबाडी द्वारा 06 माह तक के बच्चो को दी जाने वाली दलिया, चने की दाल, चावल आदि का वितरण किया जा रहा है।
चौपाल में एम०एल०सी० बृजेश सिंह (प्रिंशु), भाजपा अध्यक्ष जौनपुर पुष्पराज सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मम्मन यादव, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक अजय पाल शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० लक्ष्मी सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर माज अख्तर, पी०डी० जयकेश त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी बी०बी० सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी आर०डी० यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ० गोरखनाथ पटेल, जिला उद्यान अधिकारी ममता सिंह यादव, सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

