ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। खालसा पंथ का साजना दिवस (बैसाखी पर्व) पर एक नगर कीर्तन प्रातः 7.00 बजे ऐतिहासिक गुरूद्वारा श्री गुरु नानक देव जी, नाका हिण्डोला, लखनऊ से निकला। इस नगर कीर्तन की अगुवाई परम्परागत वेशभूषा से सुसज्जित पांच प्यारे अपने हाथों में खुली कृपाण लेकर कर रहे थे, जिनके पीछे विशेष रूप से सजाई गई फूलों से सुसज्जित भव्य पालकी साहिब में सुशोभित श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी को ज्ञानी सुखदेव सिंह चांवर कर रहे थे। उक्त पालकी साहिब के आगे मार्ग की सफाई करके श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी की सवारी के लिये मार्ग पर पुष्प बिछा रहे थे। यह नगर कीर्तन गुरूद्वारा साहिब से नाका चौराहा, डी0 ए0 वी0 कालेज, मोती नगर चौराहा, आर्या नगर होता हुआ वापस गुरूद्वारा साहिब पहुॅचा। इस नगर कीर्तन में गुरूनानक गर्ल्स इण्टर कालेज बांस मंडी, श्री गुरूनानक विद्यालय चन्दर नगर की बच्चियों एवं 3 यू0 पी0 नवल युनिट कैडटों खालसा इण्टर कालेज के बच्चों ने बैण्ड बाजों के साथ भाग लिया।
नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए कानपुर से विशेष तौर पर गतका जत्था, मार्शल आर्ट की टीम आई हुई थी जिन्होंने पूरे मार्ग में परंपरागत युद्ध कौशल कला गतके के जौहर दिखाकर संगत को हर्षित किया और उनमें जोश भरा।
इस नगर कीर्तन में कई निष्काम जत्थों सिख यंग मेन्स एसोसिऐशन, सिक्ख सेवक जत्था, यूथ खालसा एसोसियेशन, दशमेश सेवा सोसाइटी, सुखमनी साहिब सेवा सोसाइटी, माता गुजरी सत्संग सभा ने नगर कीर्तन में शबद कीर्तन गायन किया। नगर कीर्तन के सम्पूर्ण मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा शीतल पेय, चाय, बिस्कुट, समोसे, पकौडे़ , कढ़ी, चावल, छोले पानी का स्टाल लगाकर प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। महामंत्री हरमिन्दर सिंह टीटू और सतपाल सिंह मीत ने उन्हें गुरू घर का सम्मान सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
लखनऊ गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी एवं ऐतिहासिक गुरूद्वारा श्री गुरु नानक देव जी, नाका हिण्डोला के अध्यक्ष स0 राजेन्द्र सिंह बग्गा एवं और खालसा पंथ के साजना दिवस की बधाई देते हुए बताया कि खालसा पंथ का साजना दिवस (बैसाखी पर्व) दिनांक 14.04.2023 दिन शुक्रवार को ऐतिहासिक गुरूद्वारा श्री गुरु नानक देव जी, नाका हिण्डोला,लखनऊ में बड़ी श्रद्धा व हर्षोल्लास से मनाया जायेगा।
स्टेज सेक्रेट्ररी सतपाल सिंह मीत ने बताया कि इस कार्यक्रम में विशेष रूप से पधार रहे पंथ प्रसिद्ध रागी जत्थे भाई सुखजिन्दरपाल सिंह जी हजूरी रागी श्री दरबार साहिब श्री अमृतसर साहिब भाई सुरजीत सिंह जी दिल्ली वाले जो गुरबाणी कीर्तन गायन कर समूह संगत को निहाल करेंगे। डाक्टर हरप्रीत कौर खालसा प्रचारक शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर साहिब गुरमति विचार व्यक्त करेंगी। प्रातः 9.30 बजे गुरूद्वारा साहिब में अमृत संचार श्री अमृतसर के पांच प्यारों द्वारा करवाया जायेगा। दोपहर 12 बजे गुरू का लंगर वितरित किया जायेगा।

