जौनपुर सिकरारा थाना क्षेत्र के कलवारी गांव की गौड़ बस्ती में मंगलवार की दोपहर एक असहाय विधवा की बेटी की शादी धूम धाम से सम्पन्न हुई तो दुल्हन बनी खुशबू की माता की आँखे खुशी में छलक पड़ी। क्षेत्र के बांकी गांव से आई बारात में जितने भी लोगआए थे वहां की व्यवस्था देख चकित रह गये।
उक्त गाँव के स्वर्गीय हरिश्चंद्र गौड़ ने अपनी दो बेटियों नीतू व ज्योती का विवाह कर दिया था।लगभग आठ साल पहले उनकी मौत हो गयी।उनकी विधवा पत्नी शशिकला को अपनी सयानी बिटिया खुशबू(22) की शादी की चिंता खाए जा रही थी।इसके बाद चौथी बिटिया पूजा 15) की भी शादी रह जायेगी।आय का कोई श्रोत नहीं।सिर्फ मेहनत मजदूरी का ही सहारा है।किसी तरह रिश्तेदारों से सम्पर्क कर खुशबू की शादी बांकी के स्वर्गीय भगनू गौड़ के बेटे सौरभ से तय हो गई लेकिन आर्थिक तंगी के कारण विवाह का खर्च उठाना उसके बूते की बात नही दिख रही थी।किसी तरह उसकी समस्या की जानकारी देवदूत वानर सेना के प्रमुख अजित सिंह को हुई तो उन्होंने अपने फेस बुक पर गांव की बिटिया की शादी में मदद की एक अपील जारी किया।फिर क्या था देखते ही देखते शादी की सारी व्यवस्था के लिए लोगों ने सहयोग राशि भेजना शुरू कर दिया जिसमें बी काइंड इंडिया की तरफ से भोजन व्यवस्था के लिए पाँच हजार का चेक भी आया।व शेरवा गांव निवासी व वानर सेना के सक्रिय सदस्य कपिल उपाध्याय ने बताया कि इस शादी में बिटिया के लिए जेवर,कपड़े,बर्तन ,सन्दूक,अटैची बेड ,श्रृंगार की सामग्री,कूलर आदि के अलावा टेंट,बैंड, डीजे ,वीडियो ग्राफी,कैमरा तथा नाश्ता भोजन आदि वानर सेना की तरफ से व्यवस्थित हुई। जय माल कार्यक्रम में आस पास के लोगों ने उपहार देकर शादी में सहयोग किया। सारे लोग बारातियों की सेवा में ततपर दिखे।लग रहा था जैसे बारात उन्हीं के द्वार पर आई हो। शादी मंडप में दुल्हन दूल्हे के फेरे लेने के समय ग्रामीण महिलाओं ने मंगल गीत गाए। पण्डित राजीव कुमार व लव कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया। बेटी की विदाई के समय माता शशिकला फूट फूट कर रो रही थी,सभी की आंखे नम हो गई। शशिकला ने भर्राई आवाज में वानर सेना के लोगों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि भइया लोगन न रहा होतेंन त बिटिया के बियाह न होइ पावत। कार्यक्रम में वानर सेना के सदस्य नारायण सिंह ,प्रतीक सिंह,विनय सिंह,पंकज बेनवंशी के अलावा धर्मेंद्र कुमार,रमेश चन्द्र, सदाशिव गौंड सहित बड़ी संख्या में लोग सक्रिय रहे।क्षेत्र में इस शादी की चर्चा है।

