ब्यूरो प्रमुख
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव : जौनपुर प्रदेश की राजधानी में न्यायालय परिसर में घुसकर कुख्यात अपराधी की हत्या को अंजाम देने के बाद पुलिस प्रशासन एक बार फिर बैकफुट पर नजर आ रही है। हत्या के बाद पुलिस के आला अफसरों द्वारा न्यायालय की चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने का भी निर्देश जारी किया गया है। लखनऊ स्थित न्यायालय में अदालत में घुस कर संजीव जीवा नामक कुख्यात बदमाश की हत्या की घटना के बाद डीजीपी उत्तर प्रदेश ने प्रदेश के सभी जनपदो में न्यायालय परिसर में गहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश जारी करते हुए प्रदेश के सभी जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को आदेश का कड़ाई से पालन कराने का आदेश दिया है।
इसी आदेश के क्रम में गुरुवार को जौनपुर पुलिस अधीक्षक डा0 अजय पाल शर्मा ने भी जौनपुर दीवानी न्यायालय परिसर में गहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया एसपी के निर्देशानुसार न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत क्षेत्राधिकारी नगर, कुलदीप कुमार गुप्ता और प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन अनुपम सिंह ने भारी भारी पुलिस बल के साथ न्यायालय परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया तथा संदिग्धों से पूछ-ताछ करते हुए सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को आवश्यक आदेश-निर्देश दिए गए। न्यायालय परिसर में लगे सुरक्षा कर्मियों को शख्त निर्देश दिया गया कि एक एक व्यक्ति की सघनता से चेकिंग किया जाना सुनिश्चित करें ताकि न्यायिक परिसर पूरी तरह से सुरक्षित रहे और कानून अपना काम कर सके। अभी कुछ दिन पूर्व ही दीवानी न्यायालय में पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेशी के लिए आए एक बदमाश को विपक्षियों ने गोली का निशाना बनाया था हालांकि गोली लगने से मुलजिम सिर्फ घायल हुआ था जिसे बाद में उपचार के बाद पुनः जेल में स्थानांतरित कर दिया गया था और उसी समय से सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई थी लेकिन कल दोबारा राजधानी में हुई हत्या को लेकर एक बार फिर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।

