अयोध्या । उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार गरीबों को मिलने वाली वृद्धावस्था पेंशन का दायरा और बढ़ाने जा रही है। इससे प्रदेश में और अधिक बुजुर्गों को इस पेंशन योजना का लाभ मिल सकेगा। सरकार ने 60 लाख से अधिक बुजुर्गों को पेंशन देने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में 51 लाख से अधिक बुजुर्गों को 500 प्रति माह पेंशन मिल रही है। अगले महीने सरकार गरीब बुजुर्गों को तीन महीने की पेंशन देगी। दरअसल, वृद्धावस्था/किसान पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के गरीब बुजुर्गों को प्रदेश सरकार 500 रुपये प्रतिमाह पेंशन देती है। वर्ष 2017 में जब योगी सरकार बनी थी उससे पहले 36 लाख बुजुर्गों को ही यह पेंशन दी जाती थी। सरकार ने धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ा दिया। इस साल मार्च में सर्वाधिक 51.21 लाख बुजुर्गों को सरकार ने पेंशन दी। अब सरकार इसका और विस्तार करने जा रही है।

