जौनपुर 13 अप्रैल, 2025 (सू0वि0)- शासन के निर्देश के क्रम में भारत रत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर जी के जन्मदिवस को 14 अप्रैल से 28 अप्रैल 2025 तक “हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान” की टैगलाइन के अंतर्गत उत्सव के रूप में मनाया जाना है।
14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जी के जन्म दिवस को राजकीय सम्मान के साथ धूमधाम से मनाए जाने के शासन के निर्देश के क्रम में एक दिन पूर्व जनपद में स्थापित भारत रत्न बाबा साहब जी की प्रतिमा के साथ-साथ अन्य महापुरुषों के प्रतिमा एवं पार्कों के साफ-सफाई हेतु वृहद स्तर पर अभियान चलाकर साफ सफाई कराई गई। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र के कुशल मार्गदर्शन में जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा दरना, भागमलपुर, मोहम्मदपुर भटपुरा सहित समस्त ग्राम पंचायत में तथा अधिशासी अधिकारियों द्वारा गौराबादशाहपुर, खेतासराय, शाहगंज सहित समस्त नगर पंचायत, नगर पालिका, समस्त विकास खण्डों में अभियान चलाकर साफ सफाई कराई गई। अंबेडकर जयंती पर सभी निकायों विकास खण्डों में कार्यक्रम स्थलों, पार्कों, स्मारकों, आदि पर साफ सफाई, स्वच्छता, सजावट, प्रकाश आदि की व्यवस्था की गई। यह स्वच्छता अभियान बाबा साहेब के प्रति सम्मान एवं स्वच्छ भारत अभियान की भावना को समर्पित रहा।
जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र के द्वारा भी स्वयं अधिकारियों के साथ अंबेडकर तिराहे पर स्थित डॉ0 भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के पास झाड़ू लगाकर साफ सफाई की गई तथा स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा गया कि सभी लोग स्वच्छता हेतु श्रमदान करते हुए डॉ0 भीमराव अंबेडकर जी की जयंती को मनाए तथा उनके आदर्शों तथा उनके पदचिन्हो का अनुसरण करते हुए उनके नैतिक मूल्यों को आत्मसात करें।
इस दौरान उन्होंने अंबेडकर जयंती के दृष्टिगत व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद जौनपुर को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, परियोजना निदेशक के के पांडे, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।
14 अप्रैल 2025 को बाबा साहब की जयंती के अवसर पर मा0 जनप्रतिनिधिगणों, अधिकारीगण, आम जनमानस की उपस्थिति में बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा उनके जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके भारतीय स्वाधीनता आंदोलन को नई दिशा देने और नई गति देने तथा भारत के संविधान निर्माण में उनके अतुल्य योगदान को पूर्ण याद करते हुए उनके आदर्शों तथा नैतिक मूल्यों को आत्मसात किया जाएगा।

