रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज में सिविल डिफेंस का प्रशिक्षण सम्पन्न

रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज में सिविल डिफेंस का प्रशिक्षण सम्पन्न

ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय

लखनऊ। रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज में सिविल डिफेंस लखनऊ के सहयोग से “सिविल डिफेंस एवं अग्नि से बचाव व सुरक्षा” विषय का प्रशिक्षण सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा व ऋषि कुमार की देखरेख में संपन्न हो गया। समापन पर अभ्यास व प्रदर्शन किया गया।
प्रशिक्षण के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य शिव कुमार यादव ने राष्ट्रपति पदक से अलंकृत नागरिक सुरक्षा कोर के अधिकारी मनोज वर्मा तथा ऋषि कुमार का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया एवं विद्यार्थियों को अग्नि से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण में मुख्य वक्ता के रूप में नागरिक सुरक्षा कोर की तरफ से राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज वर्मा ने विद्यार्थियों को आग की प्रकृति, शॉर्ट सर्किट एवं एलपीजी सिलेंडर से आग लगने पर बचाव एवं सुरक्षा के बारे में विस्तार से समझाया। इस दौरान मनोज वर्मा ने आग बुझाने की प्रक्रिया को करके दिखाया और विद्यार्थियों से करवा कर उनको अभ्यास का मौका भी दिया।
नागरिक सुरक्षा कोर के वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक ऋषि कुमार ने अग्निशमन पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। आग कितने प्रकार की होती है तथा आग को किन-किन विधियों के द्वारा नियंत्रित किया जाता है, के बारे में विस्तार से विद्यार्थियों को बताया। साथ ही साथ आग पर काबू पाने के लिए प्रयोग होने वाले अग्निशमन यंत्र को चलाने का तरीका भी बताया। प्रशिक्षण में 45 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के समापन पर हसनगंज प्रखंड के डिविजनल वार्डेन प्रवीण श्रीवास्तव, पोस्ट वार्डेन राजीव गुप्ता, दिलशाद अहमद, डिप्टी पोस्ट वार्डेन रवि शर्मा, सेक्टर वार्डेन सुधीर श्रीवास्तव, अनंत तोमर, राम शंकर आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *