अयोध्या:अवध विवि व जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी में यूपी संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा सकुशल सम्पन्न

अवध विवि व जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी में यूपी संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा सकुशल सम्पन्न
जिला संवाददाता डॉ अजय तिवारी

अयोध्या:25 केन्द्रों के दो पालियों की बीएड प्रवेश परीक्षा में 11699 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1253 व 1251 अनुपस्थित*
अयोध्या।
अवध विश्वविद्यालय व जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी में बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झाॅसी द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को 25 केन्द्रों पर सकुशल सम्पन्न हुई। दो पालियों की बीएड प्रवेश परीक्षा में कुल 11699 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1253 व 1251 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसमें परीक्षार्थियों की 89 प्रतिशत उपस्थिति रही। वहीं प्रथम की पाली की परीक्षा में साहब दीनराम सीताराम बालिका इण्टर कालेज, साहबगंज, रामपथ अयोध्या में एक परीक्षार्थी अन्य परीक्षार्थी के स्थान पर पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के बीएड प्रवेश परीक्षा नियमानुसार परीक्षार्थी पर कार्यवाही की गई। यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा सकुशल सम्पन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति कर्नल डाॅ0 बिजेन्द्र सिंह के निर्देश पर विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव व बीएड नोडल अधिकारी प्रो0 एसएस मिश्र, नोडल समन्वयक प्रो0 फर्रूख जमाल, जनपद समन्वयक प्रो0 गंगा राम मिश्र, केन्द्र प्रतिनिधि प्रो0 देवेश निगम व डाॅ0 कमलेश ने परिसर के चार केन्द्रों व साकेत महाविद्यालय, मनुचा गर्ल्स पीजी कॉलेज, जीआईसी और जीजीआईसी एवं आदर्श इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं जिला प्रशासन जनपद के कई केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा को पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जनपद के 25 केन्द्रों पर दोनों पालियों में परीक्षार्थियों का प्रवेश बायोमेट्रिक आनलाइन डाटा बेस से वेरिफाई के उपरांत व तलाशी कर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया गया। इसके अतिरिक्त केन्द्रों की लाइव रिकार्डिंग भी कंट्रोल रूम से कराई गई। सभी केन्द्रों पर पर्यवेक्षकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे। विवि बीएड नोडल समन्वयक प्रो0 फर्रूख जमाल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा सम्पन्न कराई गई। प्रथम पाली प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक व द्वितीय पाली की परीक्षा 2 बजे से सायं 05 बजे तक हुई। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए अयोध्या जनपद 25 केन्द्र बनाये गए जिनमें विश्वविद्यालय परिसर में चार, छह सम्बद्ध महाविद्यालय, 15 राजकीय व अनुदानित इण्टर कालेज बनाये गए। इन केन्द्रों की दो पालियों में 11699 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1253 व 1251 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पारदर्शीपूर्ण परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए जनपद में 50 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई। इसके अतिरिक्त 25 स्टैटिक मजिस्ट्रेट व 13 केन्द्र प्रतिनिधि तैनात रहे। जनपद के दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं शुचिता के साथ सम्पन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *