गोरखपुर के नौकायान पर हड़कंप! पुलिस की गाड़ी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, चौकी इंचार्ज की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
गोरखपुर ब्यूरो चीफ आशुतोष चौधरी
नौकायान क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब “पुलिस” लिखी खड़ी गाड़ी में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। चंद ही मिनटों में धुआं उठने लगा और लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद चौकी इंचार्ज ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए आसपास की भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटवाया और पास खड़ी अन्य गाड़ियों को तुरंत वहां से हटवा दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और लगभग 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी के इंजन हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा था, जिसके बाद चंद ही सेकंडों में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

