पत्नी की गोली मारकर हत्या, तलाक की लड़ाई में पति ने उठाया खौफनाक कदम
ब्यूरो चीफ आशुतोष चौधरी
गोरखपुर। शाहपुर इलाके में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब 15 साल की शादीशुदा जिंदगी के टूटने की कशमकश ने एक महिला की जान ले ली। तलाक की प्रक्रिया में हो रही देरी और खर्चे की मांग से नाराज पति ने पत्नी को बीच बाजार गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाक की लड़ाई में पहुंचा हत्या तक मामला
जेल रोड निवासी विश्वकर्मा चौहान की शादी 15 साल पहले खजनी निवासी ममता चौहान (35) से हुई थी। पिछले डेढ़ साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और वे अलग-अलग रह रहे थे। ममता अपनी 13 वर्षीय बेटी मुक्ति के साथ शाहपुर के गीता वाटिका रोड स्थित किराए के मकान में रहती थी और बैंक रोड पर स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी।
विश्वकर्मा और ममता के बीच तलाक की प्रक्रिया अंतिम चरण में थी, लेकिन ममता कोर्ट में गवाही देने नहीं जा रही थी। वह अपनी बेटी की परवरिश के लिए खर्च की मांग कर रही थी, जो विश्वकर्मा को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव चरम पर था।
स्टूडियो के बाहर हुई वारदात
बुधवार रात करीब 8 बजे ममता स्कूटी से राधिका स्टूडियो फोटो खिंचवाने पहुंची। इस बीच विश्वकर्मा भी बाइक से स्टूडियो के बाहर पहुंच गया और उसका इंतजार करने लगा।
जैसे ही ममता स्टूडियो से बाहर निकली, दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। करीब 5 मिनट की बहस और धक्का-मुक्की के बाद विश्वकर्मा ने अपनी पिस्टल निकालकर ममता पर दो गोलियां दाग दीं। एक गोली ममता के सीने में और दूसरी हाथ में लगी।
गोली लगते ही ममता मौके पर गिर गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे विनायक हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
3 दिन की रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
पुलिस की पूछताछ में आरोपी विश्वकर्मा ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से ममता की रेकी कर रहा था। वह किसी भी कीमत पर ममता को खर्च नहीं देना चाहता था और तलाक जल्दी पाना चाहता था। ममता द्वारा गवाही न देने और खेत अपने नाम कराने की जिद के कारण वह गुस्से में था।
विश्वकर्मा ने पुलिस से कहा,
“मुझे उसके मरने का कोई गम नहीं है। अब खुशी है कि मेरा एक भी पैसा वह नहीं ले पाएगी।”
आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विश्वकर्मा चौहान को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है।
शाहपुर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ ने बताया
“पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। खर्चे को लेकर दोनों के बीच तनाव था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।”

