ब्यूरो चीफ/ सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा: नोएडा जंगल ट्रेल पार्क अब आम पब्लिक के लिए खोल दिया गया है, अब यहां टूरिस्ट ₹120 एंट्री फीस देने के बाद आराम से घूम सकेंगे इस पार्क में बच्चों की एंट्री फ्री होगी| उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 94 महामाया फ्लाईओवर के पास इस’जंगल ट्रेल पार्क’ को बनाया गया है, इस पार्क की खासियत यह है कि इसे पूरी तरह से लोहे के स्क्रैप और पुराने मशीन पार्ट से तैयार किया गया है| सैकड़ों टन कबाड़ को रिसायकल करके यहां एक खूबसूरत वाइल्डलाइफ थीम तैयार की गई है| पार्क में अनेक प्रकार के जीव जंतुओं जैसे हाथी, घोड़ा, शेर, टाइगर,ऊंट, पोलर, जिराफ, डायनासोर आदि की विशाल आकृतियां तैयार की गई है, पर्यावरण संरक्षण क्रिएटिविटी का अनोखा उदाहरण यह पार्क नोएडा का नया आकर्षण का केंद्र बना हुआ है| नोएडा की कई साइट्स पर पड़े लगभग 400 टन बेकार लोहे, सरिये, लोहे के टुकड़े, बिजली के तार और लोहे के खंभे आदि से कारीगरों ने लगभग 25 करोड़ की लागत से तकरीबन 650 पशु पक्षियों की आकृतियां तैयार की | इस पार्क को 6 जोन में विभाजित किया गया है, ऑस्ट्रेलिया जोन में कंगारू,कोआला, और प्लेटीपस की आकृतियां बनाई गई है, एशिया जोन में बाघ हाथी राइनो और पांडा जैसे जीव दिखते हैं| यूरोप,अफ्रीका,नॉर्थ साउथ अमेरिका और एक्वा जोन में भी अनेक आकर्षक और सुंदर आकृतियां बनाई गई हैं | जंगल ट्रेल में लाइट और साउंड इफैक्ट्स के जरिए जंगली जानवरों की आवाज और दहाड़ सुनाई देंगी, और यही सब नजारा देखने के लिए यहां पर भीड़ और बढ़ती ही जा रही है | यहां पर्यटकों के लिए उचित गाड़ी पार्किंग, फूड कोर्ट, वियोस्क, शौचालय और प्रोग्राम्स के लिए खुला एम्फिथियेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है | टिकट खरीदने के लिए अलग काउंटर बनाया गया है जिसमें पर्यटक ऑनलाइन या नकद टिकट ले सकते हैं|

