भाजपा और गठबंधन की प्रचंड जीत में उत्तर भारतीय समाज की भूमिका निर्णायक रही है: कृपा शंकर सिंह

भाजपा और गठबंधन की प्रचंड जीत में उत्तर भारतीय समाज की भूमिका निर्णायक रही है: कृपा शंकर सिंह

मुंबई में रहने वाले उत्तर भारतीय अब केवल श्रमिक नहीं, बल्कि एक बड़ी राजनीतिक ताकत बन चुके हैं : कृपा शंकर सिंह

जौनपुर ,19 जनवरी । यूपी के जौनपुर में महाराष्ट्र की राजनीति जानकार एवं पूर्व गृह राज्यमंत्री वरिष्ठ बीजेपी नेता कृपाशंकर सिंह ने मुंबई बीएमसी चुनाव में भाजपा और गठबंधन की जीत के बाद सोमवार को जौनपुर में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने चुनाव में हुई इस जीत का श्रेय उत्तर भारतीय समाज को दिया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।
कुल्हनमऊ स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कृपाशंकर सिंह ने कहा कि मुंबई (बीएमसी) चुनावों में भाजपा और गठबंधन की प्रचंड जीत में उत्तर भारतीय समाज की भूमिका निर्णायक रही है।
उन्होंने जोर देकर कहा, “मुंबई में रहने वाले उत्तर भारतीय अब केवल श्रमिक नहीं, बल्कि एक बड़ी राजनीतिक ताकत बन चुके हैं। उनकी एकजुटता ने यह साबित कर दिया है कि वे विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति के साथ हैं।”
सिंह ने जौनपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश के उन परिवारों का आभार व्यक्त किया, जिनके सदस्य मुंबई में रहकर वहां की अर्थव्यवस्था और राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
पूर्व गृह राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का प्रभाव अब देश के हर कोने में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
उन्होंने जौनपुर के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सिंह ने स्पष्ट किया कि भले ही वे महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रिय हैं, लेकिन जौनपुर की मिट्टी से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में, कृपाशंकर सिंह और ओम प्रकाश सिंह ने उपस्थित सभी पत्रकारों और जनपदवासियों को नव वर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *