जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण की उपस्थिति में बैठक संपन्न हुई।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण की उपस्थिति में बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विस्तार से अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस से सम्बन्धित सम्पूर्ण जानकारी प्रदान की गयी और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण से फीडबैक लेते हुए इस कार्य में आ रही कठिनाईयों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयी।
उन्होंने अवगत कराया कि माननीय भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 06 जनवरी 2026 को निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया गया है तथा 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक दावा एवं आपत्तियाँ प्राप्त की जा रही है। दावा एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया नोटिस चरण, सुनवाई, सत्यापन 06 जनवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाएगी तथा 06 मार्च 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 31 जनवरी 2026 (शनिवार) एवं 01 फरवरी 2026 (रविवार) को विशेष अभियान तिथियाँ निर्धारित की गई हैं।
आयोग द्वारा निर्धारित चार अर्हता तिथियों (01 जनवरी 2026 के अतिरिक्त, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर) के अनुसार पात्र होने वाले सभी अर्ह मतदाताओं से निर्धारित प्रपत्रों पर आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार उनके नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे युवा मतदाता जो 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं तथा जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे घोषणा पत्र सहित फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।
आलेख्य प्रकाशित नामावली में सम्मिलित नाम को हटाने हेतु फार्म 7, व विद्यमान मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि में संशोधन करने या मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रति स्थापन, दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन करने एवं निवास स्थान परिवर्तन हो जाने के संबन्ध में फार्म-8 घोषणा पत्र के साथ बीएलओ के पास जमा कर सकते है।
उन्होंने समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि अधिक से अधिक संख्या में फार्म-6,7 एवं फार्म-8 भरवाने हेतु नियुक्त बीएलए को निर्देशित करने का कष्ट करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में अधिक से अधिक युवा मतदाताओं के नाम सम्मिलित करने हेतु ECINETmobile app और htttp//voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने के लिए नागरिकों को व्यापक रूप से जागरूक किया जाए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानन्द झा, जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत प्रजापति, कांग्रेस से राकेश सिंह डब्बू, सीपीआईएम के एस रघुवंशी, बीएसपी से चन्द्रेज भारती, आम आदमी पार्टी से सुबास, बीजेपी से स्कन्द पटेल, सुदर्शन सिंह, विजय कुमार पटेल, यादवेन्द्र प्रताप सिंह, सपा से हीरालाल विश्वकर्मा, अपना दल से जयप्रकाश पटेल सहित अन्य उपस्थित रहे।
———
जौनपुर, 23 जनवरी 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-02

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र के द्वारा कार्यालय खण्ड विकास अधिकारी सिरकोनी में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के कार्यो का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित कार्मिकों से अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग, आज कितने अनमैप्ड मतदाताओ की मैपिंग हो गई है, कितने अनमैप्ड मतदाताओं की आज सुनवाई हुई है आदि के संबंध में जानकारी ली और निर्देशित किया कि जो मतदाता आज सुनवाई हेतु उपस्थित नहीं हुए हैं, उन्हें पुन सुनवाई हेतु तिथि दी जाए।
इस दौरान उन्होंने बीएलओ नीलम चौबे जिन्होने आवंटित नोटिस को समय से तामिल करा दिया, 13 लोगो का साक्ष्य मिलान करा दिया गया, जिस पर जिला निर्वाचन अधिकारी के द्वारा उनके कार्यों की सराहना करते हुए अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया और सभी कार्मिकों को प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

———-
जौनपुर, 23 जनवरी 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-03

’प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक एवं बालिका वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन’

क्रीड़ा अधिकारी ने अवगत कराया है कि खेल निदेशालय उ0प्र0, लखनऊ के तत्वावधान में खेल विभाग उ0प्र0 एवं उ0प्र0 वॉलीबाल संघ के समन्वय से प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 02 से 05 फरवरी, 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम ’लखनऊ’ में तथा प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालिका वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 07 से 10 फरवरी, 2026 तक ’आगरा’ में किया जा रहा है। उक्त के क्रम में जनपद जौनपुर के सब जूनियर बालक एवं बालिका खिलाड़ियों का जनपदीय चयन परीक्षण दिनांक 27.01.2026 को पूर्वान्ह 10.00 बजे से इन्दिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में किया जायेगा। जनपद स्तर पर चयनित सब जूनियर बालक वॉलीबाल खिलाड़ी ही दिनांक 28 फरवरी, 2026 को तथा सब जूनियर बालिका वॉलीबाल खिलाड़ी दिनांक 30 जनवरी, 2026 को आयोजित मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स, जो डॉ0 सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा, वाराणसी में प्रातः 10.00 बजे से किया जायेगा, में प्रतिभाग करेंगे। मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स उपरान्त मण्डल की टीम का गठन किया जायेगा, मण्डल स्तरीय टीम ही प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। इच्छुक खिलाड़ी जन्म प्रमाण एवं निवास प्रमाण पत्र के साथ, हाई स्कूल अंक पत्र के साथ जनपदीय चयन/परीक्षण में प्रतिभाग कर सकते हैं।
———–
जौनपुर, 23 जनवरी 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-04

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 के अन्तर्गत आज 23 जनवरी 2026 को सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सड़क के किनारे खड़े अवैध वाहनों के विरूद्ध सघन अभियान चलाया गया। जिसमें सड़क के किनारे खड़े वाहनों को की चेकिंग की गयी और नियमानुसार प्रवर्तन कार्यवाही की गयी।
उक्त के क्रम में सड़क के किनारे खडे़ लगभग 150 वाहनों को हटवाया गया और सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गयी। उक्त के साथ उपस्थित जन को सड़क सुरक्षा जागरूकता हेतु पम्पलेट वितरण किया गया।
———-
जौनपुर, 23 जनवरी 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-05

उप कृषि निदेशक ने अवगत कराया है कि संयुक्त कृषि निदेशक (अभि0) उ0प्र0, कृषि भवन, लखनऊ के परिपालन में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (डी0एल0ई0सी0) की देख-रेख में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजना के अन्तर्गत रु0 10000.00 से अधिक अनुदान वाले समस्त कृषि यंत्र/फसल अवशेष प्रबन्धन के यंत्र/कृषि रक्षा उपकरण के वितरण हेतु कृषकों का चयन विभागीय पोर्टल http://agridarshan.up.gov.in के माध्यम से आनलाइन ई-लाटरी के द्वारा 24 जनवरी 2026 को जनपद के कृषक जिनके द्वारा कृषि यंत्र/कृषि रक्षा उपकरण की बुकिंग 08 जनवरी 2026 से 21 जनवरी 2026 तक की गयी है, का चयन किया जायेगा। यह कार्यक्रम विकास भवन सभागार जौनपुर में अपरान्ह 03.00 बजे से सम्पन्न कराया जायेगा।
जिन किसान भाइयों द्वारा उक्त अवधि में यंत्र की बुकिंग की गयी है, एवं ई-लाटरी हेतु चयन प्रक्रिया में हैं, उनसे अनुरोध है कि वह उक्त स्थल पर 24 जनवरी 2026 को अपरान्ह 02.30 बजे आधार कार्ड एवं कराई गई बुकिंग टोकन संख्या/पंजीकरण संख्या/यन्त्र का विवरण साथ में लेकर उपस्थित होकर ई-लाटरी की ऑन लाइन प्रक्रिया देख सकते हैं।
——————
जिला सूचना कार्यालय, जौनपुर द्वारा जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *