माननीय विधायक डॉ. आर.के. पटेल द्वारा किया गया कंबल वितरण

माननीय विधायक डॉ. आर.के. पटेल द्वारा किया गया कंबल वितरण

माननीय विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल द्वारा जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की उपस्थिति में विकासखंड रामनगर के प्राथमिक विद्यालय रनोपुर में मुसहर परिवारों को शीतलहर से बचाव हेतु कंबल वितरित किए गए।
इस अवसर पर मा0 विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि मुसहर परिवारों सहित समाज के पिछड़े तबके के लोगों को आवास, राशन सहित सभी कल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित किया जाए। जिला प्रशासन उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने हेतु निरंतर प्रयासरत है। साथ ही राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर लोकतांत्रिक सहभागिता बढ़ाने पर भी कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
जौनपुर, 25 जनवरी 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-04

सभी को दिलाई गई मतदाता शपथ

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में मतदाता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर संतवीर सिंह द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों और आम जनमानस को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से शपथ का वाचन किया।
शपथ –”हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।” दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता सहित राजस्व और विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *