31 जनवरी को विशेष अभियान में बूथ लेवल एजेंटों की उपस्थिति अनिवार्य*
*18 वर्ष पूर्ण करने वाले तथा छूटे हुए मतदाताओं से भरवाए जाएंगे फार्म-6*
*रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
शाहजहांपुर, गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 के संबंध में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचन नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 31 जनवरी, शनिवार को एक विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि उक्त तिथि को अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की अनिवार्य रूप से उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के दौरान दिनांक 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं तथा अन्य छूटे हुए पात्र मतदाताओं से फार्म-6 अवश्य भरवाए जाएं, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 06 फरवरी निर्धारित की गई है। साथ ही, वर्तमान में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति प्रतिदिन जनपद के डीईओ पोर्टल पर देखी जा सकती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 06 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं, जिनमें 2810 मतदेय स्थल तथा 1792 मतदान केंद्र स्थापित हैं। प्रकाशित आलेख्य (06 जनवरी 2026) के अनुसार जनपद में पुरुष मतदाताओं की संख्या 10,08,599, महिला मतदाता 8,02,921, तृतीय लिंग मतदाता 96 तथा कुल मतदाता 18,11,616 हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन हेतु 06 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 30 सहायक निर्वाचक अधिकारी, 2810 बीएलओ तथा 285 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

