ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के इंदिरापुरम में दोस्ती के नाम पर 12 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़ित के भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने उसकी प्रॉपर्टी के दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए निजी बैंक से 12 करोड़ रुपये का लोन पास करा लिया।
दिल्ली के शकरपुर निवासी संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि उन्होंने 2012 में शक्तिखंड में एक भूखंड खरीदा था। दोस्त राजीव त्यागी के कहने पर उन्होंने प्रॉपर्टी के मूल कागजात आरोपी के बैंक लॉकर में रख दिए। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आरोपी ने बैंक से लोन लिया और उसका भुगतान नहीं किया।
बैंक द्वारा संपत्ति कब्जाने की कार्रवाई शुरू होने पर पीड़ित को धोखाधड़ी का पता चला। कोर्ट ने लोन को शून्य घोषित किया, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, आरोपी को नोटिस भेजा जा रहा है, बयान न देने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

