ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण और दीर्घकालिक योजना पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत सेक्टर-62 स्थित मॉडल टाउन गोलचक्कर से लेकर सेक्टर-98 हाजीपुर अंडरपास तक के मार्ग को जाम-मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
प्राधिकरण इस पूरे कॉरिडोर पर ट्रैफिक जाम के वास्तविक कारणों की पहचान के लिए जल्द ही एक विशेषज्ञ एजेंसी के माध्यम से सर्वे कराएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर जाम से निपटने के लिए स्थायी समाधान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे भविष्य में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके।
यह मार्ग ‘मार्ग संख्या-6’ के नाम से भी जाना जाता है और इसे विश्वकर्मा मार्ग कहा जाता है। करीब 13 किलोमीटर लंबा यह रास्ता नोएडा के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। यह सड़क नोएडा को सीधे गाजियाबाद, एनएच-9, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से जोड़ती है।

