ब्यूरो चीफ /सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद :गाजियाबाद में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए जिलेभर में विशेष अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में अकबरपुर बहरामपुर स्थित ‘मुल्लाजी पार्किंग’ पर विजिलेंस टीम ने छापेमारी कर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पोल से सीधे तार जोड़कर 10 ई-रिक्शा चार्ज किए जाते पाए गए।
विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार, मौके पर कुल 17 किलोवाट की अवैध बिजली खपत दर्ज की गई। जांच में सामने आया कि सलीम नामक व्यक्ति घरेलू मीटर को बायपास कर एलटी लाइन से सीधे कनेक्शन लेकर बिजली चोरी कर रहा था। इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विभाग ने बताया कि गाजियाबाद जिले में इस समय ₹76 लाख से अधिक का बकाया बिजली बिल लंबित है, जबकि बीते एक वर्ष में करीब 15,000 बिजली चोरी के मामले सामने आ चुके हैं। इसे देखते हुए विद्युत निगम ने चोरी रोकने के लिए निगरानी और प्रवर्तन को और तेज कर दिया है।
अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में विजय नगर, नंदग्राम, भोपुरा सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अवैध कनेक्शन काटने के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत निगम ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी करने वालों को अब केवल कनेक्शन कटने तक ही नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई और जेल का भी सामना करना पड़ेगा।

