केंद्रीय बजट 2026 नेशन फर्स्ट की भावना को सशक्त करेगा:प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा
जौनपुर,। यूपी के जौनपुर में
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जौनपुर के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को निरीक्षण भवन में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट देश को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला है और नेशन फर्स्ट की सोच को साकार करता है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग के समग्र कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना को और अधिक मजबूत करता है। उन्होंने इसे विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम बताया।
ए.के. शर्मा ने बताया कि बजट में कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स को विशेष प्राथमिकता दी गई है। दिल्ली–वाराणसी और वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से पूर्वांचल की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और सेवाओं के विस्तार से बड़ा बदलाव आएगा। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए जाने से आमजन को त्वरित और बेहतर इलाज मिलेगा।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि बजट में नारी सशक्तिकरण को विशेष महत्व दिया गया है। लखपति दीदी योजना के विस्तार और स्वयं सहायता समूहों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल, हस्तशिल्प और कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ एक्सप्रेसवे, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और लॉजिस्टिक पार्क के माध्यम से उत्तर प्रदेश को औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। म्युनिसिपल बॉन्ड के प्रावधान से नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी।
कृषि पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती, आधुनिक तकनीक और एग्री स्टार्टअप्स को बढ़ावा देकर किसानों और ग्रामीण युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह बजट पूरी तरह समावेशी है और देश के संतुलित विकास को नई गति देगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह सहित अन्य लोग उपस्थि
त रहे।

