नोएडा के सेक्टर-78 स्थित अनत्रिक्ष गोल्फ व्यू-2 सोसाइटी के निवासी पिछले छह महीनों से अनियमित जलापूर्ति से हो रहे परेशान

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा के सेक्टर-78 स्थित अनत्रिक्ष गोल्फ व्यू-2 सोसाइटी के निवासी पिछले छह महीनों से अनियमित जलापूर्ति से परेशान हैं। निवासियों ने आरोप लगाया कि बिल्डर की ओर से बकाया भुगतान न किए जाने के कारण नोएडा जल बोर्ड ने नियमित आपूर्ति रोकी हुई है, जिससे उन्हें टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
नोएडा प्राधिकरण ने 19 अक्टूबर को बिल्डर कलरफुल एस्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड को पत्र भेजकर बताया था कि सोसाइटी में कुल 1,050 फ्लैट और 40–50 दुकानें हैं, जबकि पानी की स्वीकृति केवल 650 फ्लैटों के लिए दी गई है। पूर्ण आपूर्ति के लिए तीसरे जल कनेक्शन की आवश्यकता है।
नोएडा जल बोर्ड के अनुसार, अप्रैल 2025 से अब तक सोसाइटी पर करीब ₹1.36 करोड़ का जल बिल बकाया है। वरिष्ठ प्रबंधक अशोक वर्मा ने बताया कि तीसरे कनेक्शन के लिए कई नोटिस जारी किए गए हैं और जल्द ही तीसरा नोटिस भेजा जाएगा।
निवासियों का आरोप है कि दिसंबर में बिल्डर ने प्रति फ्लैट ₹25,000 की मांग की थी, लेकिन अब तक जलापूर्ति में सुधार नहीं हुआ। वहीं, बिल्डर के प्रोजेक्ट हेड रमेश अरोड़ा ने कहा कि अब तक ₹28 लाख जमा किए जा चुके हैं और टैंकरों के जरिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। तीसरे कनेक्शन के लिए आवश्यक 400 में से केवल 100 निवासियों ने ही योगदान दिया है।
निवासियों ने जल संकट के कारण स्वास्थ्य समस्याओं और गर्मी में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *