ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद,नोएडा समेत पूरे एनसीआर के शहरों में एक बार फिर वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। जिसमें गाजियाबाद देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया है, जहां रविवार शाम 4 से 5 बजे के आसपास वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 309 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं ग्रेटर नोएडा में AQI 305 के साथ यह देश का चौथा सबसे प्रदूषित शहर रहा। दोनों शहरों में धुंध और प्रदूषण की मोटी परत साफ देखी जा रही है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत, गले में खराश और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि नोएडा के लिए थोड़ी राहत की खबर है। यहां AQI 274-275 दर्ज किया गया है, जो अभी भी ‘खराब’ श्रेणी में है, लेकिन गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा की तुलना में स्थिति कुछ बेहतर मानी जा रही है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन नियंत्रण के उपायों पर विचार कर रहा है, जबकि विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
इस बीच मौसम में भी गर्मी बढ़ी है।

