ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने लगभग अड़तीस करोड़ रुपए से अधिक का बजट स्वीकृत किया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की पहल पर लगभग 10 लाख की आबादी को राहत देने के लिए 13 वार्डों में नई पाइपलाइन बिछाने, 8.5 लाख लीटर क्षमता का अंडरग्राउंड वाटर टैंक बनाने और कई नए ट्यूबवेल स्थापित करने की योजना पर काम शुरू हो गया है।
योजना के तहत पुराने ट्यूबवेल की रिबोरिंग, नई पाइपलाइन बिछाने और अतिरिक्त जल स्रोत विकसित किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और प्रशासन का लक्ष्य है कि अगले एक वर्ष के भीतर अधिक से अधिक घरों तक नल से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद खोड़ा क्षेत्र के लाखों लोगों को लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

