भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिवस का प्रशिक्षण संपन्न*
*रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*शाहजहांपुर* भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत जनपद में आयोजित तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम के क्रम में आज द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण सत्र सेंट पॉल इंटर कॉलेज में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 104 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जाना है। प्रथम चरण में 80 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण दिनांक 20, 21 एवं 22 मार्च को संपन्न कराया जा रहा है। शेष 24 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण द्वितीय चरण में दिनांक 23, 24 एवं 25 मार्च को आयोजित किया जाएगा।
आज का प्रशिक्षण सत्र एडीएम वित्त एवं राजस्व / जिला जनगणना अधिकारी के निर्देशन एवं उपस्थिति में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को मकानों की क्रमबद्ध नंबरिंग की विधि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। मकानों की नंबरिंग उत्तर-पश्चिम दिशा से प्रारंभ करते हुए दक्षिण-पश्चिम दिशा पर समाप्त की जाएगी, जिससे गणना कार्य व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण में यह भी अवगत कराया गया कि जनगणना कार्य मानचित्रों के आधार पर ही किया जाएगा। मानचित्रों में तालाब, विद्यालय, मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारा, बावड़ी, कुआँ, नलकूप, बगीचा, खाली स्थान, झोपड़ी तथा सड़कों (कच्ची, पक्की एवं पगडंडी) सहित रेलवे लाइन आदि सभी स्थलों का स्पष्ट अंकन किया जाएगा।
फील्ड कर्मचारियों को एक निर्धारित लेआउट प्रदान किया जाएगा। एन्यूमरेटर (प्रगणक) द्वारा ग्राम भ्रमण कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी मकान अथवा परिवार गणना से वंचित न रह जाए। इसके उपरांत सुपरवाइजर द्वारा पुनः स्थल निरीक्षण कर प्रगणक के कार्यों का सत्यापन किया जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि तैयार किया गया मानचित्र एवं संकलित विवरण पूर्णतः शुद्ध एवं त्रुटिरहित हो।
प्रशिक्षण में यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक जनगणना कार्य के दौरान भवनों की संख्या एवं परिवारों की सही गणना सुनिश्चित की जाए। समस्त कार्यवाही जिला जनगणना अधिकारी के दिशा-निर्देशन में सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराई जा रही है।
कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी एवं फील्ड ट्रेनर उपस्थित रहे।

