विद्यार्थियों में कौशल विकास अत्यंत आवश्यक : प्रो. अजय कुमार दुबे
जौनपुर, 23 मार्च। यूपी के जौनपुर में रामकिसुन सिंह महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित शिविर के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। यह रैली कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर सिंह एवं स्वेक्षा प्रजापति के नेतृत्व में निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
शिविर के द्वितीय सत्र में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के डीन एवं रोवर्स-रेंजर्स जिला कमिश्नर प्रो. अजय कुमार दुबे ने कहा कि विद्यार्थियों में कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक दृष्टिकोण विकसित करना राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को समाज के प्रति जिम्मेदार बनाते हैं और उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. वंदना सरकार ने महिला सशक्तिकरण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी क्षमता पहचानते हुए हर क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए, तभी समाज का समग्र विकास संभव है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गौरव सिंह ने की, जबकि संचालन संध्या यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर शेष कुमार यादव, आनंद दुबे, धनंजय, विनय प्रजापति, कमल विश्वकर्मा, धर्मसेन सिंह, शिवांगी यादव, नंदनी गौतम, स्वधा पाण्डेय, रेनू यादव, शालिनी विश्वकर्मा, प्रिया कुमारी सहित अनेक स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

