ग्रेटर नोएडा के नवादा गांव में ग्राम पंचायत ने सर्व सहमति से शादियों में डीजे बजाने पर लगाया प्रतिबंध

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के नवादा गांव की ग्राम पंचायत ने शादियों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का अहम निर्णय लिया है। यह फैसला गांव में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और बुजुर्गों, बच्चों व बीमार लोगों—खासकर हृदय रोगियों—के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजने से लोगों की नींद प्रभावित होती है और इससे तनाव सहित कई स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही थीं। इसी को देखते हुए पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि गांव में किसी भी समारोह में डीजे की अनुमति नहीं होगी।
नियम को सख्ती से लागू करने के लिए पंचायत ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सामाजिक बहिष्कार जैसी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें ‘हुक्का-पानी बंद’ करना भी शामिल है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल का समर्थन करते हुए इसे सामाजिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका मानना है कि इससे न केवल गांव में शांति बनी रहेगी, बल्कि पारंपरिक और सादगीपूर्ण तरीके से समारोह आयोजित करने की संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *