चैत्र नवरात्र अष्टमी पर जौनपुर के मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
जौनपुर,26 मार्च । यूपी के जौनपुर में चैत्र नवरात्र की अष्टमी तिथि पर गुरुवार को जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस पावन अवसर पर भक्तों ने मां के महागौरी स्वरूप के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। विशेष रूप से मां शीतला चौकियां धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
मंदिर में मां का आकर्षक श्रृंगार लाल, पीली और हरी चुनरी के साथ चमेली, सफेद कमल, अड़हुल और तुलसी की मालाओं से किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। श्रद्धालु “जय माता दी” के जयकारों के साथ पूजा-अर्चना करते दिखे।
चौकियां धाम के महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि देवी भागवत पुराण के अनुसार मां पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी, इसी कारण उन्हें महागौरी के नाम से जाना जाता है। उन्होंने बताया कि मां महागौरी का संबंध राहु ग्रह से माना जाता है और उनकी पूजा से राहु दोष दूर होता है। सच्चे मन से आराधना करने पर असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं।
इसी क्रम में शहर के दक्षिणी छोर पर सिटी स्टेशन के पास स्थित मां आदि शक्ति दक्षिणा काली मंदिर में भी दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर परिसर मां के जयकारों और घंटों की गूंज से भक्तिमय हो उठा।
वहीं अष्टमी के अवसर पर मैहर माता मंदिर स्थित मां शारदा शक्ति पीठ में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह की मंगला आरती में शामिल होकर भक्तों ने मां का आशीर्वाद लिया और परिवार की खुशहाली की कामना की।
पूरे दिन जिले में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा, जिससे नवरात्र पर्व की आध्यात्मिक छटा और भी निखर उठी।

