अधूरे हाईवे पर हादसों में जान गंवाने वालों की स्मृति में निकला कैंडल मार्च
500 मृतकों को दी गई श्रद्धांजलि, अधूरे निर्माण पर उठाए सवाल
जौनपुर। चंदवक थाना अंतर्गत वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-233 के अधूरे निर्माण के चलते वर्षों से हो रही सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में क्षेत्रीय लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्वांचल किसान संगठन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
कैंडल मार्च गाजीपुर रोड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल से शुरू होकर चंदवक चौराहा स्थित गांधी पार्क तक निकाला गया। इस दौरान लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्वांचल किसान संगठन के अध्यक्ष एवं किसान नेता अजीत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-233 के निर्माण में केराकत तहसील क्षेत्र का लगभग 16 किलोमीटर हिस्सा अब भी अधूरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि मुआवजे की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है, जबकि इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन लगातार जारी है। इससे आम लोग आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण पूरा किए बिना टोल टैक्स की वसूली की जा रही है। उनका कहना था कि अधूरे निर्माण के कारण पिछले वर्षों में करीब 500 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने मांग की कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए अथवा नो-एंट्री की व्यवस्था लागू की जाए।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। इस अवसर पर सुजीत सिंह, जैकेश भास्कर, महेंद्र प्रजापति, जय प्रकाश राम, रामेश्वर सिंह, अरविंद पांडेय, संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित र
हे।

