अलग अलग हादसे मे एक युवक की मौत,शिक्षिका व विद्युतकर्मी घायल
(डॉ अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम हुए हादसों में एक युवक की मौत हो गई,जबकि एक शिक्षिका और एक विद्युत कर्मी घायल हो गये।दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मिली जानकारी के मुताबिक पल्सर मोटरसाइकिल सवार रायबरेली जनपद के पूरे मलाई का रहने वाला रामकृष्ण 35 वर्ष पुत्र सहदेव देर शाम लखनऊ से बस्ती की ओर जा रहा था।लखनऊ हाईवे पर कैंट थाना क्षेत्र में आरटीओ कार्यालय के पहले किसी वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।माजरा देख साहिल नामक युवक ने एंबुलेंस को फोन किया तो ईएमटी सर्वेश कुमार ने गंभीर हाल में घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया।जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसको मृत घोषित कर दिया।वहीं महाराजगंज थाना क्षेत्र में रसूलाबाद रोड पर एक स्कॉर्पियो वाहन ने पहले स्कूटी को टक्कर मारी और फिर मोटरसाइकिल में जा भिडी।दुर्घटना में स्कूटी सवार नगर कोतवाली के अमानीगंज की रहने वाली शिक्षिका अनुराधा (49 वर्ष) पत्नी धीरेंद्र कुमार और विद्युत विभाग में हैदरगंज में तैनात अयोध्या कोतवाली के सिरसिंडा का रहने वाला प्रवेश कुमार ( 31 वर्ष) पुत्र पटेश्वरवदीन घायल हो गए।घायल शिक्षिका को उसके पति धीरेंद्र कुमार तथा विद्युत कर्मी को उसके भाई विनोद कुमार ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

