कांग्रेस ने 10 हजार पौधों का किया नि:शुल्क वितरण, 10 लाख पौधे लगाने का लिया संकल्प

कांग्रेस ने 10 हजार पौधों का किया नि:शुल्क वितरण, 10 लाख पौधे लगाने का लिया संकल्प

जौनपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में पर्यावरण संरक्षण और हरित अभियान को गति देने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को शहर में पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान के नेतृत्व में बड़ी मस्जिद के निकट आयोजित कार्यक्रम में 10 हजार पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि जौनपुर कांग्रेस पूरे जनपद में अपने स्तर से 10 लाख पौधे लगाने का अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक कदम है। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने, शुद्ध प्राणवायु उपलब्ध कराने, वर्षा चक्र को संतुलित रखने और बढ़ती गर्मी के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अंधाधुंध पेड़ों की कटाई पर चिंता व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी पर जोर दिया।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि वृक्ष प्रकृति और मानव जीवन के आधार हैं। यदि पर्यावरण को सुरक्षित रखना है तो पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों को नि:शुल्क पौधे वितरित किए तथा पौधों के संरक्षण की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पं. बंशीधर शर्मा, सभासद शहनवाज मंजूर, सभासद अबुजर शेख, राजकुमार गुप्ता, ज़ैद सिद्दीकी, अज़ीम जौनपुरी, साद सिद्दीकी, मसूद अहमद, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *