कृषि वैज्ञानिकों द्वारा विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ
ब्यूरो चीफ आलोक कुमार श्रीवास्तव
सुलतानपुर :आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केन्द्र द्वितीय बरासिन के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ आज कुड़वार विकासखण्ड के तीन ग्राम पंचायत बचनपुर, सरकौड़ा एवं बहुबरा में किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ वी पी सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत की डॉ सिंह ने अपने उदबोधन में किसानों को खरीफ में लगाई जाने वाली फसलों धान एवं उरद को लगाने की वैज्ञानिक विधि के बारे में विस्तार से चर्चा की एवं समय से धान की नर्सरी डालने एवं साथ ही साथ ढैचा या सनई लगा कर ग्रीन मैन्योरिंग पे जोर देने की सलाह दी। पशु चिकित्सा वैज्ञानिक डॉ गौरव पाण्डेय ने अपने संबोधन में पशुपालकों को मुर्गी एवं पशुओं को हीट स्ट्रोक से बचाने की सलाह दी, बरसात के पूर्व फैलाने वाली बीमारियों जैसे खुर पका मुंह पका, गला घोंटू, लंगड़ी बुखार आदि का टीकाकरण समय पे कराने एवं गर्मियों में पशुओं का आहार एवं स्वास्थ प्रबंधन की सलाह दी। पौध रोग सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ हिमांशु शेखर सिंह ने धान की नर्सरी डालने से पूर्व बीजों का बीजोपचार करने एवं धान में होने वाले प्रमुख रोग एवं खरपतवार नाशी दवाइयों के बारे में किसानों को जागरूक किया। विकसित कृषि संकल्प अभियान माननीय केंद्रीय कृषि मंत्री भारत सरकार शिवराज सिंह चौहान के दिशा निर्देशन में संपूर्ण भारत में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीयों द्वारा 29 मई से 12 जून तक किसानों की जागरूकता हेतु आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम में कृषि विभाग के जिला कृषि रक्षा अधिकारी दीप चंद्र चौरसिया, अपर जिला कृषि रक्षा अधिकारी तारेश्वर तिवारी, ए डी ओ कृषि कृष्ण भवन यादव, टी ए बी मोहम्मद शाहिद, बी टी एम बृजेश यादव, ए टी एम योगेश कुमार, फसल बीमा से सौरभ कुमार एवं कृषक मौजूद आदि उपस्थित रहे ।

