गोरखपुर : सेंट एंड्रयूज कॉलेज परिसर में युवक-युवती को आपत्तिजनक हरकत में देखकर टोकने पर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुग्रह तिवारी पर शनिवार को हमला करने का मामला सामने आया है। छात्रसंघ चौराहे पर रोककर मनबढ़ों ने प्रोफसर की कार का शीशा तोड़ दिया। प्रोफेसर के कार से बाहर आने पर उनसे हाथापाई शुरू कर दी। राहगीरों को जुटता देख मनबढ़ फरार हो गए। एसोसिएट प्रोफेसर की तहरीर पर कैंट पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ तोड़फोड़ कर हमला करने की धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सेंट एंड्रयूज कॉलेज में अंग्रेजी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुग्रह तिवारी शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे अपनी कार से छात्रसंघ चौराहे की तरफ जा रहे थे। एक नर्सिंग होम के सामने वह कार लेकर पहुंचे थे कि तभी दो बाइक सवार तीन युवक पहुंचकर कार को रोक दिए।
प्रोफेसर के कार रोकने पर कॉलेज में हुई घटना को लेकर बदसलूकी करने लगे। अभी प्रोफेसर उनको समझा ही रहे थे कि मनबढ़ उनके कार के शीशे पर पत्थर से हमला कर तोड़ दिए और हाथापाई शुरू कर दिए। राहगीरों को एकत्र होता देख बाइक सवार मनबढ़ वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद एसोसिएट प्रोफेसर ने इसकी सूचना कैंट पुलिस को दी। बताया कि शनिवार को कॉलेज कैंपस में एक लड़का और एक लड़की आपत्तिजनक हरकत कर रहे थे। उनको ऐसी हरकत से मना करते हुए कॉलेज से बाहर जाने को कहा। इसके बाद तुरंत ही दोनों बाहर चले गए।
आशंका है कि इसी वजह से उनकी कार रास्ते में रोककर मनबढ़ों ने हमला किया है। इंस्पेक्टर कैंट शशिभूषण ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बताए गए बाइक नंबर के माध्यम से युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

