गाजियाबाद के साहिबाबाद में ईंट से सिर पर वार कर युवक की हत्या, तीन आरोपी हुए गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र में कूड़े के ढेर के पास मिले युवक के शव की पहचान और हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक और ईंट बरामद की गई है।
मामला 8 अगस्त का है। मोहन नगर से आनंद विहार जाने वाले मार्ग पर मोहन नगर से करीब 400 मीटर दूर कूड़े के ढेर के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव पुराना होने के कारण उसकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने पहचान के प्रयास शुरू किए। 12 अगस्त को परिजनों ने शव की पहचान लखेन्द्र सिंह (35) के रूप में की। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को शाम करीब पांच बजे साहिबाबाद पुलिस ने सर्विस रोड पर नागद्वार से माता मंदिर की ओर जाते समय अजीम, आदिल और पप्पी उर्फ शाहनवाज को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि तीनों गाजियाबाद से बाहर जाने की तैयारी में थे। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट भी बरामद कर ली गई।
गाली-गलौज के बाद हुआ विवाद
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 6 अगस्त की रात लखेन्द्र नशे की हालत में बैठा था। इसी दौरान तीनों वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर लखेन्द्र ने उनके साथ गाली-गलौज कर दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों ने लखेन्द्र के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे कूड़े के ढेर में धक्का दे दिया गया।
मोबाइल भी ले गए थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद लखेन्द्र का मोबाइल मौके पर पड़ा मिला। आरोपियों ने पुलिस को फोन किए जाने के डर से मोबाइल अपने साथ ले लिया। बाद में मोबाइल को कैला भट्टा चौकी में यह कहते हुए जमा कर दिया कि उन्हें वह रास्ते में मिला था।
साहिबाबाद थाना प्रभारी रवींद्र गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अजीम की उम्र करीब 18 वर्ष, आदिल की 20 वर्ष और पप्पी उर्फ शाहनवाज की 26 वर्ष है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *