गाजियाबाद में स्विगी पर फर्जी रेस्टोरेंट बनाकर 30 लाख की साइबर ठगी करने वाला, बीकॉम पास युवक हुआ गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ / राजेश कुमार
गाजियाबाद। साइबर क्राइम पुलिस ने स्विगी पर फर्जी रेस्टोरेंट बनाकर क्रेडिट कार्ड धारकों से करीब 30 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहतक, हरियाणा निवासी गर्वित के रूप में हुई है, जो वर्तमान में वैशाली, गाजियाबाद में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक टैबलेट और एक लैपटॉप बरामद किया है।
एसीपी साइबर क्राइम अमित सक्सेना के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले टेक महिंद्रा में कस्टमर केयर की नौकरी करता था। यूट्यूब वीडियो के जरिए उसे ऑनलाइन ठगी के तरीकों की जानकारी हुई। इसके बाद उसने दो फर्जी रेस्टोरेंट बनाए और उनके लिए एफएसएसएआई रजिस्ट्रेशन भी कराया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को टेलीग्राम के ‘फास्ट ओटीपी बॉट’ चैनल के जरिए क्रेडिट कार्ड धारकों का डेटा मिला था। करीब 52 एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड धारकों की जानकारी मिलने के बाद वह खुद को बैंक का ग्राहक सेवा अधिकारी बताकर संपर्क करता था। सर्विस चार्ज हटाने या लेट पेमेंट माफ कराने का झांसा देकर वह कार्ड से जुड़ी जानकारी हासिल कर लेता था।
इसके बाद आरोपी अपने फर्जी रेस्टोरेंट के नाम से स्विगी पर ऑर्डर जनरेट करता और फर्जी डिलीवरी दिखाकर भुगतान की रकम अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लेता था। एक फर्जी रेस्टोरेंट बंद होने के बाद उसने दूसरे नाम से नया रेस्टोरेंट बनाकर ठगी जारी रखी।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को भी आरोपी ने इसी तरीके से करीब 38 हजार रुपये की साइबर ठगी की थी। पुलिस अब टेलीग्राम चैनल से मिले डेटा, फर्जी रेस्टोरेंट के दस्तावेज, क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी और इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *