ब्यूरो चीफ/ सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद: गाजियाबाद में विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए वर्टिकल सिस्टम अब 15 नवंबर से लागू किया जाएगा, पहले इसे 1 नवंबर से लागू किया जाना था, इस सिस्टम के अंतर्गत विद्युत निगम जोन एक में सभी तैयारियां पूरी कर अधिकारियों के कार्य बाँट दिए गए हैं | विद्युत निगम जोन के एक के अधीक्षक अभियंता अनिल कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उपभोक्ता और उद्योगों को बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए पावर कार्पोरेशन प्रबंधन ने पूरे क्षेत्र का पुनर्गठन कर कार्य आधारित कार्यालय (वर्टिकल) गठित किए गए हैं, इसमें उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति से संबंधित सभी समस्याओं का निस्तारण करने के लिए टीम का गठन किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण तेजी से किया जा सकेगा, और इसी तरह से बिलिंग और नए कनेक्शन से संबंधित शिकायतों को सुलझाने के लिए अलग-अलग कार्यालय और अधिशासी अभियंता नियुक्त किए गए हैं| अनिल कुमार सिंह ने आगे बताते हुए कहा कि जोन एक में लगभग दो लाख 55 हजार उपभोक्ता है| उपभोक्ताओं की विद्युत समस्या के समाधान के लिए चार सहायता केंद्र खोले जाएंगे, जिसमें कमला नेहरू नगर उपकेंद्र, प्रताप विहार, नेहरूनगर उपकेंद्र और लाल कुआं उपकेंद्र पर उपभोक्ता अपनी शिकायत कर सकेंगे, इस नई व्यवस्था में हर कार्य के लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे| उपभोक्ताओं को मीटर और बिलिंग आदि के समाधान के लिए विद्युत विभाग की तरफ से हेल्पलाइन नंबर 1912 जारी किया गया है और साथ ही उपभोक्ता को केंद्र पर भी सूचना देनी होगी|

