ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट का वीडियो हुआ वायरल

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा, 30 जुलाई। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इको विलेज-1 सोसाइटी में पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बिसरख थाना क्षेत्र निवासी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि 19 जुलाई की शाम उनकी कार की बैटरी खराब हो गई थी। बैटरी ठीक कराने के दौरान उन्होंने अपनी कार कुछ समय के लिए सोसाइटी निवासी रजत की पार्किंग में खड़ी कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि इसी बात को लेकर रजत मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। उन्होंने कार हटाने की बात कही, लेकिन रजत ने फोन कर कुछ लोगों को बुला लिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे तीन-चार युवकों ने उनके साथ कथित रूप से मारपीट की।
जयप्रकाश शर्मा के अनुसार, मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिनमें कान में लगी चोट भी शामिल है। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित का कहना है कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन उस समय केवल एनसीआर दर्ज की गई और किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उनका आरोप है कि मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं, पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में आरोपियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है और पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *