चैत्र नवरात्रि नवमी पर कन्या पूजन, श्रद्धालुओं ने लिया माता का आशीर्वाद

चैत्र नवरात्रि नवमी पर कन्या पूजन, श्रद्धालुओं ने लिया माता का आशीर्वाद

जौनपुर। चैत्र नवरात्रि के अंतिम दिन नवमी के अवसर पर जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। भक्तों ने विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन-पूजन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं घर-घर में कन्या पूजन का विशेष आयोजन किया गया, जहां नौ कन्याओं को माता स्वरूप मानकर उनकी विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
श्रद्धालुओं ने कन्याओं के चरण धोकर उनका पूजन किया और उन्हें मिष्ठान, नारियल एवं चुनरी अर्पित की। मान्यता है कि कन्या पूजन से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। इस अवसर पर व्रत रखने वाली महिलाओं ने भी कन्याओं का आशीर्वाद लेकर अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इसी क्रम में योगा फेडरेशन की अध्यक्ष रजनी साहू ने अपने आवास पर नौ कन्याओं को आमंत्रित कर उनका पूजन किया। उन्होंने कन्याओं के चरण पखारकर उन्हें माता स्वरूप मानते हुए विधिवत भोजन कराया और नारियल व चुनरी अर्पित की। साथ ही माता के श्रृंगार का सामान भी कन्याओं को भेंट किया।
कार्यक्रम के दौरान कन्याओं ने आशीर्वाद देते हुए रजनी साहू के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे आयोजन में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिलेभर में नवमी के दिन इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *