तालाब में डूबने से दो मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

तालाब में डूबने से दो मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

 

जौनपुर,08 अप्रैल। यूपी के जौनपुर स्थित मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के पराहित गांव में मंगलवार को तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया और हर तरफ शोक का माहौल छा गया। गांव निवासी अरविंद पुत्र मोनू (12)और लालबहादुर पुत्र उमंग (9)मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बिना बताए गांव के पास स्थित तालाब में नहाने चले गए। उस समय परिवार के सदस्य खेतों में गेहूं की कटाई में व्यस्त थे। देर रात जब परिजन घर लौटे तो दोनों बच्चे नहीं मिले, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।

काफी खोजबीन के बाद घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित तालाब में दोनों बच्चों के शव मिलने की सूचना मिली। आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। बच्चों की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ दो मासूमों की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

मोनू के पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं और वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 4 का छात्र था। वहीं उमंग के पिता मुंबई में काम करते हैं और वह दो भाइयों में बड़ा था तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 7 में पढ़ता था। बुधवार को जानकारी लेने पर प्रभारी निरीक्षक विनीत रॉय ने बताया कि आज दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *