तिलपता रेलवे ओवरब्रिज शुरू, ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के बीच सफर हुआ आसान

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा,ग्रेटर नोएडा वेस्ट, नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के बीच आवागमन करने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से प्रतीक्षित तिलपता रेलवे ओवरब्रिज (ROB) को मंगलवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। इसके शुरू होने से 130 मीटर रोड पर यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
करीब 1600 मीटर लंबे और चार लेन वाले इस ओवरब्रिज का निर्माण Dedicated Freight Corridor Corporation of India द्वारा कराया गया है। यह आरओबी तिलपता गोलचक्कर और मकौड़ा गोलचक्कर के बीच पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्टे के निकट स्थित है। इसके नीचे से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन गुजरती है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लंबे समय से इस परियोजना को जल्द पूरा कराने के प्रयास में जुटा था। प्राधिकरण के सीईओ N. G. Ravi Kumar ने परियोजना की नियमित समीक्षा करते हुए इसके समयबद्ध निर्माण पर विशेष ध्यान दिया।
अब तक 130 मीटर रोड पर भारी वाहनों और दैनिक यात्रियों की अधिक आवाजाही के कारण अंडरपास क्षेत्र में अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती थी। बारिश के मौसम में जलभराव और यातायात दबाव के चलते लोगों को घंटों तक फंसे रहना पड़ता था। नए ओवरब्रिज के संचालन से इस समस्या में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
तिलपता आरओबी के खुलने से ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। इसके अलावा नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों को भी तेज, सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।
स्थानीय निवासियों और दैनिक यात्रियों का मानना है कि यह ओवरब्रिज क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को संभालने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *