तीन साल बाद खुली युवती की हत्या का राज, प्रभारी निरीक्षक महाराजगंज के मुताबिक पुलिस जांच में जुटी

तीन साल बाद खुली युवती की हत्या का राज, प्रभारी निरीक्षक महाराजगंज के मुताबिक पुलिस जांच में जुटी

(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)

अयोध्या।करीब तीन वर्ष पूर्व लापता हुई युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है।अंबेडकरनगर पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अयोध्या के थाना महाराजगंज में दर्ज अज्ञात हत्या के मुकदमे का पर्दाफाश हुआ है।पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, 20 मई 2026 को थाना कोतवाली टांडा में मंगला पत्नी स्वर्गीय हीरालाल, निवासी ग्राम पिपरी मोहम्मदी,ने अपनी पुत्री वंदना के करीब तीन वर्ष पूर्व लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।मामले की जांच के दौरान वादिनी ने सुभाषचंद्र मौर्य निवासी ग्राम डीहा सुल्तान, थाना अलीगंज, जनपद अंबेडकरनगर पर संदेह जताया।
28 जुलाई को पुलिस ने सुभाषचंद्र मौर्य को पूछताछ के लिए बुलाया।पुलिस के दावे के अनुसार, पूछताछ में उसने बताया कि उसके और वंदना के बीच प्रेम संबंध थे तथा युवती तीन माह की गर्भवती हो गई थी।उसने आरोप लगाया कि युवती लगातार उस पर दबाव बना रही थी, जिससे छुटकारा पाने के लिए उसने दिसंबर 2023 में उसकी हत्या कर दी।पुलिस के मुताबिक, आरोपी वंदना को अपनी पिकअप गाड़ी से अयोध्या लेकर आया था। दर्शन नगर के पास दोनों के बीच विवाद हुआ। वापसी के दौरान मया बाजार से पहले उसने वाहन को एक सुनसान खड़ंजे वाले रास्ते पर ले जाकर गाड़ी के अंदर वंदना का गला और नाक दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद मौत सुनिश्चित करने के लिए कथित तौर पर शव पर वाहन दो-तीन बार चढ़ाया और शव को पास के गन्ने के खेत में फेंककर फरार हो गया।पूछताछ में मिली जानकारी के बाद अंबेडकरनगर पुलिस ने थाना महाराजगंज, अयोध्या से संपर्क किया। जांच में पता चला कि इसी घटना के संबंध में थाना महाराजगंज में वर्ष 2024 में अज्ञात के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज था। इसके बाद आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए थाना महाराजगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक अंबेडकरनगर ने पुलिस टीम को ₹25 हजार के पुरस्कार की घोषणा की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक थाना महाराजगंज देवेंद्र सिंह ने बताया कि यह प्रकरण उनके जानकारी में है पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *