तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की कुचलकर मौत, आक्रोशित भीड़ ने लगाया जाम

उन्नाव उन्नाव जिले में पुरवा-उन्नाव मार्ग पर मंगतखेड़ा चौराहा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब पिता, बेटे को स्कूल से लेकर घर जा रहा था। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर ब्रेकर बनवाने की मांग करते हुए जाम लगा दिया।

तहसीलदार और कोतवाली प्रभारी के समझाने पर करीब दो घंटे बाद जाम खुला। हादसे के वक्त बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। जानकारी के अनुसार, पुरवा कोतवाली क्षेत्र के बैगांव निवासी संदीप यादव (30) सुबह करीब 11 बजे बेटे अनमोल (8) को स्कूल से लेकर घर जा रहा था।

बाइक से मंगतखेड़ा चौराहा पार करते समय पुरवा से उन्नाव की ओर जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक के पीछे के पहिए से कुचलकर पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक को ट्रक सहित रोक लिया औैर मारपीट की।
चालक को हिरासत में लिया
सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। घटना से आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने चौराहा से पहले सड़क पर ब्रेकर बनवाने की मांग की। लोगों ने बताया कि यहां अक्सर हादसे होते हैं। पुरवा और उन्नाव की ओर से आने वाले वाहन तेजी से निकलते हैं।
पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया
इससे चौराहा से आवागमन कर रहे लोग चपेट में आकर घायल होते हैं। जाम की सूचना पर पहुंचे पुरवा कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत सिंह पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। मामला बढ़ते देख सर्किल का फोर्स बुलाया गया। कुछ देर बाद तहसीलदार अमृतलाल भी घटना स्थल पहुंचे।
तहसीलदार ने पीडब्लूडी को पत्र लिखने की बात कही है
तहसीलदार ने ब्रेकर बनवाने के लिए पीडब्लूडी को लिखने और पिता-पुत्र को टक्कर मारने वाले ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कारवाई का आश्वासन दिय। इस पर करीब दो घंटे बाद लोग शांत हुए। कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया चालक को हिरसात में लेते हुए ट्रक को कब्जे में लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *